सिउरी अमहट चट्टी के पास घटना के बाद रोती महिलाएं।
- फोटो : GHAZIPUR
दुबिहा। बरेसर थाना क्षेत्र के सिउरी अमहट चट्टी स्थित डीह बाबा के पास रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने की में बाइक सवार की कार से कुचल कर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी घर पहंची तो परिजन बिलख उठे। नसीरबाद गांव निवासी मनोज राजभर (25) बाइक से किसी कार्यवश रेंगा गांव स्थित अपनी मौसी के यहां जा रहा था। सिउरी अमहट के पास सामने से तेज रफ्तार आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद वह सड़क के बीचो-बीच गिर पड़ा। जब-तक वह संभल पाता तब-तक तेज रफ्तार आ रही कार ने उसे कुचल डाला। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा। उधर, पुलिस से घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बिलखते हुए थाने पहुंचे। मनोज राजभर की बीते 25 नवंबर को बाराचवर ब्लाक के ताजपुर में शादी हुई थी। सड़क हादसे से पत्नी अनिता का एक माह 22 दिन में ही सुहाग उजड़ गया। मृतक के घर पहुंचकर लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे थे। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। मृतक मनोज विदेश में रहता था, दूसरी बार विदेश नहीं गया। घर पर रहकर ही राजमिस्त्री का कार्य करने लगा था।