सैदपुर में किसान चौपाल एवं कृषि यंत्र पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए सांसद व राज्यसभा सदस्य नीरज श?
- फोटो : GHAZIPUR
औड़िहार। रामलीला मैदान सैदपुर के परिसर में मंगलवार को आयोजित किसान चौपाल कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के कल्याण के लिए कई तरह की महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई गई हैं। इससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। विपक्षी दलों के पास कोई मुद्दा नहीं रह गया है ऐसे में वह किसानों को गुमराह करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कार्य नीतियां जगह-जगह कामयाब हैं। इसलिए विपक्षी दलों की बातों का असर किसानों पर पड़ने वाला नहीं है। किसानों की उपज का सीधा लाभ किसानों को मिल सके इसके लिए उन्होंने बिचौलियों का रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है। सरकारी क्रय केंद्रों के अलावा उन्हें खुले बाजार में लाभकारी मूल्य दिलाने का रास्ता भी साफ कर दिया गया है। कृषि नीति के तहत किसानों को बैंक से आसान तरीके पर उपलब्ध ऋण पर छूट के प्रावधान बने हैं। कोरॉना काल के संक्रमण और लॉकडाउन के दौरान बैंक ऋणों की वसूली स्थगित कर उनका खाता एनपीए न होने देने का भी प्रारूप बनाकर हर तरह से किसानों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। पूर्व की सरकारों में किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हो जाया करते थे लेकिन अब यह बात नहीं रह गई है। उन्हें खेती के यंत्र आधुनिक संसाधन के रूप में छूट पर दिए जा रहे हैं। किसानों के लिए सम्मान निधि योजना चलाकर किसानों को सीधे बैंक से जोड़ा गया है। इससे देश का किसान खुशहाल है। इसके पूर्व नीरज शेखर ने कृषि यंत्र के रूप में लाए गए किसानों के ट्रैक्टर का पूजन कराकर उन्हें आश्वस्त कराया कि उनका कृषि यंत्र ही उनका भगवान है। वह आत्महत्या करने के बजाए अपने कृषि यंत्र का पूरी तरह सदुपयोग कर आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ें। किसान चौपाल कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मंत्री विजय यादव, जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह, कृष्णबिहारी राय, किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष हरेंद्र यादव, महामंत्री रूद्रप्रताप सिंह, अखिलेश सिंह भीम, हरिनाथ सोनकर, ओमप्रकाश राम, दयाशंकर पांडेय, दिनेश सिंह, प्रिंस सिंह, अश्विनी पांडेय, संतोष चौहान, ओमप्रकाश चौहान, बृजेश कुशवाहा, शीला सोनकर, पूनम मौर्या आदि ने विचार व्यक्त किया।