गाजीपुर । जिले के 12 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान पद का चुनाव नौ मई को कराया जाएगा। शनिवार को मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना हो गई। सुबह सात बजे से लेकर शाम छह बजे तक होने वाले चुनाव को लेकर डीएम ने आरओ एवं एआरओ को निष्पक्षता के साथ चुनाव संपन्न कराने की हिदायत दी है। प्रत्याशियों के निधन पर इन ग्राम पंचायतों का चुनाव स्थगित कर दिया गया था। सदर ब्लाक के तलवल, जैतपुरा, बिरनो ब्लाक का शहाबुद्दीनपुर, करंडा का अलीपुर बनगांवा, मदरह का पृथ्वीपुर, मनिहारी का आगापुर, सैदपुर का करमपुर, देवकली का भिक्खेपुर, बाराचवर का असावर, अमहट और जमानिया का ढढ़नी रणवीर राय एवं लहुवार ग्राम पंचायत शामिल है। जहां मतदान कराया जाना है। इन ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव के कार्यक्रम के तहत तैयारियां पूरी कर ली गई थी, लेकिन चुनाव अभियान के बीच ही वहां के प्रधान पद के प्रत्याशियों का निधन हो गया था। इसमें ज्यादातर प्रत्याशियों की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई थी। ऐसे में उन ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए नए सिरे से शुरू हुई चुनाव प्रक्रिया में कई मृत प्रत्याशियों के परिजन भी अपना भाग्य अजामा रहे हैं।