जमानिया लोक निर्माण विभाग गेस्ट हाउस से पुलिस के साथ निकलते बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश स
जमानिया। विनीत राय हत्याकांड के मुख्य आरोपी कमलेश चौधरी के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के मामले ने राजनीतिक रंग पकड़ लिया है। बृहस्पतिवार को विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार सरकार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी कमलेश के परिजनों से मिलने गाजीपुर आ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें भदौरा के पास रोक दिया।
इसके बाद उन्हें जमानिया स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस ले जाया गया और कुछ देर बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच वाराणसी के लिए रवाना कर दिया गया।
क्षेत्राधिकारी, जमानिया अनिल कुमार का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के मद्देनजर यह कदम उठाया गया। गेस्ट हाउस के आसपास भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। उधर, मुकेश सहनी ने आरोप लगाया कि उन्हें केवल पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी लेने के लिए आना था, लेकिन प्रशासन ने उन्हें रोक दिया। उन्होंने दावा किया कि मृतक कमलेश चौधरी के परिजन पुलिस मुठभेड़ को फर्जी बता रहे हैं। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की।
गौरतलब है कि 29 मई की रात शहर के होटल कारोबारी आलोक राय के पुत्र विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने तीन जून की रात सदर कोतवाली क्षेत्र के कुरथा गांव के पास मुठभेड़ में आरोपी कमलेश चौधरी को मार गिराया था।