प्रयागराज में हुए बवाल के बाद गाजीपुर के सिटी रेलवे स्टेशन पर मुस्तैद महिला पुलिस एवं कोतवाली प?
- फोटो : GHAZIPUR
प्रयागराज में छात्रों पर हुए लाठी चार्ज को लेकर शुक्रवार को प्रदेश में ट्रेन रोकने का आह्वान किया गया था। इसको देखते हुए पुलिस टीमें रेलवे स्टेशनों पर मुस्तैद रहीं। सिटी रेलवे स्टेशन, जखनिया, दुल्लहपुर, नायकडीह हाल्ट, हुरमुजपुर हाल्ट सहित रेलवे फाटक पर पुलिस चक्रमण करती रही।
सिटी रेलवे स्टेशन पर कोतवाली के एसआई अमित कुमार सिंह और महिला थाना की थानाध्यक्ष तारावती यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम और पीएसी तैनात रही। पुलिस लगातार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म और परिसर में चक्रमण करती नजर आई। अचानक पुलिसकर्मियों को देख सिटी रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्री भी अचरज में रहे। कुछ देर बाद स्थिति की जानकारी होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। इधर गाजीपुर- वाराणसी रेलखंड के अन्य रेलवे स्टेशनों पर पुलिस टीम सक्रिय रही। दुल्लहपुर: भुड़कुड़ा कोतवाल की पुलिस टीम जखनिया, दुल्लहपुर पुलिस दुल्लहपुर स्टेशन, नायकडीह हाल्ट, हुरमुजपुर हाल्ट सहित रेलवे फाटक पर डटी थी। पुलिस की सक्रियता से स्टेशनों पर शांति व्यवस्था बनी रही। जखनिया रेलवे स्टेशन पर भुड़कुड़ा थाने के उपनिरीक्षक उदय भान सिंह सहित कांस्टेबल लगातार चक्रमण करते नजर आए।