जमानिया। कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे ने सबको भयभीत कर दिया है। अधिकतर लोग पूरी सर्तकता बरत रहे हैं, जबकि अब भी कुछ लोग बेखौफ हो प्रशासन के निर्देेेशों को तार-तार कर रहे हैं। कोतवाल के साथ ही शनिवार को पुलिस के जवानों ने नगर के हॉटस्पॉट इलाके में सुबह रूट मार्च किया। इस दौरान आम से खास लोगों को घरों में रहने और सामाजिक दूरी का हर हाल में पालन करने को कहा।
नगर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के एक डाक्टर के कोरोना पॉजिटिव निकलने के बाद नगर के कुछ भाग को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। तहसील प्रशासन के निर्देश पर नगर पालिका की ओर से कई मार्गो पर बल्ली लगाकर बैरिकेटिंग की गई है। नगर में पैदल गश्त के दौरान पुलिस ने लोगों को कोरोना वायरस एवंलॉकडाउन के प्रति जागरूक किया। पैदल गश्त के दौरान ड्रोन कैमरे से सील किए गए हॉटस्पॉट इलाके का निरीक्षण किया। कोतवाली के अफसरों ने इन क्षेत्रों में लोगों के आने-जाने पर पूरी तरह पाबंदी लगी दी है। इस इलाके में सिर्फ जरूरी सेवाओं से जुड़े लोगों को ही सशर्त आने-जाने की छूट दी गई है। पुलिस उपाधीक्षक सुरेश शर्मा ने सोशल मीडिया पर गलत एवं भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। लोगों से सरकार का सहयोग करने की अपील की। रूट मार्च के दौरान लाउड स्पीकर से लोगों को इस महामारी में लॉकडाउन तोड़ने पर कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से बताया। इस मौके पर कोतवाल राजीव कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मंशाराम गुप्ता, चौकी प्रभारी देवरिया राजीव कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक संतोष कुमार, उपनिरीक्षक मंजर अब्बास सहित बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे।