दिलदारनगर। थाना क्षेत्र के छोटी रजवाहां में बुधवार की देर शाम दो पक्षों में गांजा पीने को लेकर जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सक्रिय हुई स्थानीय पुलिस ने बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों के छह लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ युवक दो युवकों को लाठी-डंडे और ईंट से मारने के साथ गाली देते हुए दिखाई पड़ रहे हैं। मारपीट से घायल दोनों युवक सड़क पर अचेतावस्था में गिरे हुए हैं। घटना की सूचना किसी ने पुलिस को नहीं दी। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस सक्रिय हो गई और घटना की छानबीन में जुट गई। काफी प्रयास के बाद पुलिस को पता चला कि कुछ युवाओं में गांजा पीने को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी। इधर मारपीट में घायल चिऊटहां गांव निवासी सलमान और आसिफ का इलाज भी परिजनों ने निजी अस्पताल में कराया। दूसरे दिन सलमान के पिता खुर्शीद ने प्रार्थना-पत्र देकर कार्रवाई की मांग पुलिस से की थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ने बताया कि गांजा पीने को लेकर कुछ युवाओं में विवाद हुआ था। दोनों पक्ष के छह लोग घायल हुए थे। मेडिकल कराने के बाद एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के तीन लोगों का शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।