बहरियाबाद थाना पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए अपराधी।
- फोटो : GHAZIPUR
बहरियाबाद (गाजीपुर)। थाना पुलिस ने रविवार की रात और सोमवार की सुबह अलग-अलग स्थानों से आधा दर्जन से अधिक मुकदमों में वांछित दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक पिस्टल, एक तमंचा, तीन कारतूस के साथ एक किलो 450 ग्राम गांजा भी बरामद किया गया। पुलिस ने अभियुक्तों का चालान कर जेल भेज दिया।
थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार की रात करीब नौ बजे किसी घटना को अंजाम देने जा रहे क्षेत्र के दईपुर गांव निवासी शातिर अपराधी सुनील कुमार को हाजीपुर पुलिया के पास घेरेबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 32 बोर की एक पिस्टल, दो कारतूस के साथ ही एक किलो 450 ग्राम गांजा बरामद किया। इसी क्रम में सोमवार की सुबह करीब पांच बजे मुखबिर की सूचना पुलिस सलेमपुर बघांई चट्टी पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां खड़ा बदमाश क्षेत्र के मीरपुर निवासी प्यारेलाल प्रजापति भागने लगा। पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। उसके पास से 315 बोर का एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक रामनिवास ने बताया कि गिरफ्त में आए सुनील कुमार के ऊपर स्थानीय थाना सहित जिले के जंगीपुर, दुल्लहपुर एवं वाराणसी के सिगरा थाने में लूट एवं हत्या का प्रयास सहित कुल दस मुकदमे दर्ज हैं। जबकि प्यारेलाल प्रजापति के खिलाफ स्थानीय थाना के साथ ही शादियाबाद, जंगीपुर, दुल्लहपुर एवं मऊ के चिरैयाकोट थाना में हत्या सहित कुल नौ मुकदमा दर्ज है। बताया कि अभियुक्तों का चालान कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक के साथ एसआई सुनील कुमार यादव, कांस्टेबल चंदन, संदीप, बालकृष्ण पांडेय, अनिल गौतम एवं मंजेश कुमार शामिल रहे।