बिरनो थाना क्षेत्र में हुए मुठभेड़ के बाद घटनास्थल का निरीक्षण करते पुलिस अधीक्षक रोहन पी बोत्र?
- फोटो : GHAZIPUR
गाजीपुर। यूबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक से दिनदहाड़े हुए चार लाख रुपये लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार की रात दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के सेनोबांध के पास पुलिस एवं एसओजी टीम ने मुठभेड़ में दो लुटेरों को दबोचा। एक लुटेरे को पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बैग में रखे एक लाख पांच हजार नकदी के साथ ही एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए। पूछताछ के बाद दोनों का चालान कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक पी बोत्रे ने बताया कि एक नवंबर को बिरनो थाना क्षेत्र के इनवा चट्टी स्थित यूबीआई ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को नकाबपोश दो लुटेरों ने तमंचा सटाकर चार लाख रुपये एवं लैपटाप लूट लिया था। घटना का पर्दाफाश के लिए तीन टीमें लगाई गई थीं। शनिवार की देर रात टीम दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के मलेठी मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो बाइक सवार बदमाश पुलिस को गाली देते और फायर करते हुए भागने लगे। थाना प्रभारी दुल्लहपुर ने कंट्रोल रूम को अवगत कराते हुए बदमाशों का पीछा किया। उधर, स्वाट टीम एवं बिरनो पुलिस भी जयरामपुर के पास चेकिंग कर रही थी। सूचना पर उन्होंने बदमाशों को सेनोबांध के पास घेरेबंदी का पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग की। इस दौरान मऊ जनपद के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र स्थित अहियाचक निवासी अरविंद कुमार यादव नामक लुटेरे के पैर में गाली लगी और वह गिर गया। जबकि दूसरे लुटेरे बिलावल भट्टी निवासी प्रिंस कुमार भारद्वाज को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने उनके पास से एक बैग में रखे एक लाख पांच हजार रुपये नकद के साथ ही एक बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किए। एसपी ने बताया कि पुलिस टीम ने दोनों लुटेरों को पकड़ लिया है। इनके साथ अन्य कौन लोग शामिल हैं, इसकी छानबीन की जा रही है। दोनों लुटेरों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई होगी।