थाना क्षेत्र के कालूपुर गांव में एक हफ्ते पूर्व कुत्ते के विवाद को लेकर अधेड़ की ईंट-पत्थर और डंडे से मारकर हत्या के मामलें में वांछित तीन आरोपियों में से पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी को ताड़ीघाट क्रासिंग से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया। मेदनीपुर तिराहा पर पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली की हत्या का मुख्य आरोपी इलाके में है। पुलिस ने घेराबंदी कर हत्यारोपी को गिरफ्तार किया। हत्यारोपी का मेडिकल मुआयना कराने के बाद उसका संबंधित धाराओं में चालान कर उसे सक्षम न्यायालय में पेश किया गया। जहां हुए न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया। मालूम हो कि 11 अप्रैल की देर शाम कालूपुर गांव निवासी पप्पू उर्फ जनमेजर यादव गंगा स्नान कर अकेले घर जा रहे थे, डीह बाबा के पास बगल के ही राधेश्याम का एक पालतू कुत्ता भोंकने लगा। जिस उन्होंने उसे डंडे से मार कर भगा दिया। इसको लेकर लोग पप्पू को गाली देने लगे। जब उन्होंने विरोध किया तो राधेश्याम के घर के युवकों ने लाठी डंडा और ईंट पत्थर से मार कर उसे घायल कर दिया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां शुक्रवार को वाराणसी में उनकी मौत हो गई। पुत्र बंटी यादव ने गांव के तीन लोगों के खिलाफ हत्या आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में वांछित तीन आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है। शेष अन्य आरोपी भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा।