लंबे समय बाद जिला महिला अस्पताल को अपना भवन जल्द मिलेगा। भवन निर्माण का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। फिनिशिंग का कार्य भी अंतिम दौर में चल रहा है। चिकित्सकीय सुविधाओं से लैस करने की कवायद भी तेज हो चुकी है, जिससे महिला मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। शहर के मध्य मिश्र बाजार स्थित पुराने जिला अस्पताल की खाली जमीन पर 100 बेड जिला महिला अस्पताल की सौगात शासन ने वर्ष 2013- 2014 में ही दे दी थी, लेकिन पुराने अस्पताल का संचालन उस जगह पर होने पर परियोजना अधर में लटकी हुई थी। वर्ष 2018 में जिला अस्पताल गोरा बाजार स्थित नवनिर्मित भवन में शिफ्ट होने के बाद पुराने भवन को ध्वस्त करने का कार्य शुरू किया गया। शासन की ओर से छह करोड़ 54 लाख रुपये में 100 बेड के जिला महिला अस्पताल के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की। कार्यदायी संस्था राजकीय निर्माण इकाई बलिया की ओर से कार्य शुरू किया गया, लेकिन कोरोना संक्रमण काल ने निर्माण कार्य को धीमा कर दिया था। दो वर्ष के बाद कार्य तेज हुआ। अब अस्पताल का कार्य करीब 90 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। सिर्फ फिनिशिंग का कार्य चल रहा है। ऐसे में जल्द ही भवन तैयार होने और अस्पताल के संचालन की उम्मीद जग गई है। महर्षि विश्वामित्र स्वशासीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा. आनंद मिश्रा ने बताया कि तीन से चार माह के अंदर अस्पताल संचालन को लेकर कार्य तेज हो जाएगा।