फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पुलिस प्रशासन की अग्निपरीक्षा

Wed, 11 Feb 2015 11:51 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, गाजीपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के पीजी कालेज के मैदान में 13 फरवरी से शुरू होने जा रही सेना भर्ती को सकुशल संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन की अग्नि परीक्षा होगी। 13 फरवरी    से भर्ती का श्रीगणेश होगा।
विज्ञापन


इसके लिए जौनपुर के युवकों का जत्था गुरुवार को ही जिले में पहुंच जाएगा। अगले दिन भोर में चार बजे से आरटीआई के मैदान से टोकन वितरण होने के बाद पीजी कालेज के मैदान में दौड़ की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही भर्ती शुरू हो जाएगी।

इसके लिए    पुलिस प्रशासन, सेना सहित अन्य विभागों की ओर से लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात होगी।
विज्ञापन


जिले मेें सेना भर्ती मेले का यह तीसरा मौका है। इससे पहले दो बार यहां सेना की भर्ती हो चुकी है। इन भर्तियों में पुलिस प्रशासन के कड़े पहरे के बावजूद बलिया सहित अन्य जिलों से आए युवकों की ओर से जगह-जगह उपद्रव, तोड़फोड़, ट्रेनों पर पथराव की घटना को अंजाम दिया गया था। इसको लेकर पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी।

 इस बार 13 फरवरी को सबसे पहले जौनपुर के युवा पीजी कालेज के मैदान में अपनी किस्मत आजमाएंगे। इसके लिए जौनपुर जिले के युवकोें का जत्था गुरुवार की दोपहर से ही जिले में पहुंचने लगेगा।

गोराबाजार, पीजी कालेज तथा पीरनगर क्षेत्र तो पूरी तरह से युवकों से भरे रहेंगे। आधी रात के बाद से ही आरटीआई मैदान में टोकन पाने के लिए लाइन में लग जाएंगे।

 इसको देखते हुए ऐहतियातन गुरुवार की दोपहर से ही शहर के प्रमुख जगहों पर पुलिस फोर्स तैनात हो जाएगी। भर्ती में फेल होने वाले युवकों को रेलवे स्टेशन तक छोड़ने के लिए  ट्रकों का इंतजाम किया गया है।

इस भर्ती में पूर्वांचल के 12 जिलों को शामिल किया गया है, जिसमें गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर, बलिया, गोरखपुर, मिर्जापुर, मऊ, चंदौली, देवरिया, आजमगढ़, सोनभद्र तथा भदोही है।

अंतिम दिन 18 फरवरी को मिर्जापुर की भर्ती होगी। इसी दिन वाराणसी, मऊ, देवरिया, भदोही, सोनभद्र, चंदौली तथा आजमगढ़ के युवकों के लिए  सिर्फ सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक/ वेटरिनरी पद पर ही भर्ती होगी।

 जिलाधिकारी नरेंद्र सिंह पटेल ने बताया कि सेना भर्ती के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं एसपी डा. उमेश चंद श्रीवास्तव का कहना है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

उपद्रवी युवकों से पुलिस पूरी सख्ती के साथ निपटेगी। सेना भर्ती बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय वाराणसी के निदेशक कर्नल विनीत प्रभात का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष होगी ऐसे में दलालों से दूर रहें।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें