निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जिले में नेडा विभाग की ओर से पीएम सूर्य घर योजना का संचालन किया जा रहा है।
इसके तहत एक बार निर्धारित धनराशि खर्च करने के बाद 25 वर्षों तक फ्री में बिजली आपूर्ति का लाभ लोग ले सकते हैं। बीते आठ महीने में योजना के लिए 18674 लोगों ने आवेदन किया है।
पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाया जाना तय है। चालू वित्तीय वर्ष 2024-25 में जिले में कुल 15 हजार सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सोलर रूफटॉप संयंत्र लगाने को लेकर सरकार की ओर से सब्सिडी का लाभ भी दिया जा रहा है, ताकि लाभार्थी के कंधे से आर्थिक बोझ कुछ कम हो जाए। योजना का लाभ पाने के लिए आवेदक को पीएम सूर्य घर योजना की वेबसाइट पर आवेदन करना होता है।
योजना से लाभान्वित होने के लिए पहली शर्त यह है कि मकान की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए जगह होनी चाहिए। साथ ही बिजली कनेक्शन होना जरूरी है। वहीं 18674 लोगों ने अब तक आवेदन किया है। 1220 आवेदन बैकिंग प्रक्रिया में हैं। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने पर 318 घरों की छतों पर सोलर रूफटॉफ संयंत्र लग चुके हैं।