पांचवां राष्ट्रीय मतदाता दिवस रविवार को जिले में समारोह पूर्वक मनाया गया। जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह पटेल ने उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई। बैज लगाकर नए मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र वितरित कर सम्मानित किया। इसके अलावा अन्य जगहों पर आयोजित कार्यक्रम में सैकड़ों नए मतदाताओं को परिचय पत्र प्रदान किया गया।
जिला निर्वाचन कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता होना ही काफी नहीं, बल्कि मतदाता के दायित्व का निर्वहन करना होगा। इसके लिए आवश्यक है कि स्वतंत्र और निर्भीक होकर मतदान किया जाए। हमें गर्व है कि हम ऐसे देश के निवासी हैं जहां पर सभी के मतों की कीमत एक है। यह हमारे देश की श्रेष्ठतम उपलब्धि है। इसको कायम रखना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है।
अपर जिलाधिकारी मुरलीधर मिश्र ने कहा कि जो 18 वर्ष से अधिक के हो गए हैं वह मतदाता अवश्य बनें जिनका नाम छूट गया है या गलत है वह अपने बीएलओ के माध्यम से ठीक कराएं। कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त एचएस ब्रह्मा का राष्ट्र के नाम संबोधन को टीवी के माध्यम से प्रसारित किया गया। इसके पहले राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने मतदाता दिवस पर संबोधन किया। कर्पूरी विकास संस्थान की ओर से निकाली गई रैली को डीएम ने झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर एके सिंह, तहसीलदार ओमप्रकाश गोस्वामी, प्रभारी प्रधानाचार्य नंदिनी श्रीवास्तव, अभयशंकर मिश्र, शशिभूषण ठाकुर आदि थे।
राजकीय महिला पीजी कालेज की रासेयो एवं रेंजर्स छात्राओं ने रविवार को शहर में मतदाता रैली निकाली। महाविद्यालय में मतदाता जागरूकता विषय पर पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर प्रताप सिंह रावत, डा. केके तिवारी, विकास सिंह, डा. वंदना, अकबरे आजम, शंभूशरण प्रसाद उपस्थित थे। पीजी कालेज के रासेयो के स्वयंसेवकों को मतदाता शपथ दिलाते हुए मतदान के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान निकाली गई रैली को वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डा. अवधेश कुमार सिंह हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार तहसील सभागार में तहसीलदार उमेशचंद निगम ने नए मतदाताओं को शपथ दिलाकर उन्हें पहचान पत्र वितरित किया। इस मौके पर नायब तहसीलदार विरेंद्र गुप्त, हृदय बाबू, गीता वर्मा, बृजेश वर्मा, रीतेश, प्रकाशचंद गुप्त आदि उपस्थित थे। उधर, जमानिया संवाददाता के अनुसार मतदाता दिवस के अवसर पर तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी कैलाश सिंह की अध्यक्षता में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, राजकीय बालिका विद्यालय जमानिया की बालिकाओं रैली निकाल कर मतदाताओं को जागरूक किया।
रैली स्थानीय तहसील से कस्बा बाजार होते हुए दुरहिया से एनएच 24 से वापस तहसील प्रांगण पहुंची । जहां उपजिलाधिकारी कैलाश सिंह ने शपथ दिलाई और बच्चों में मिठाई बांटी। वही हिंदू पीजी कालेज के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के छात्र-छात्राओं द्वारा टोली बना कर स्टेशन बाजार के मतदाताओं में मतदान हेतु प्रेरक कार्य किया गया । अध्यक्षता महाविद्यालय के प्रबंधक लक्षीराम सिंह यादव ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश कुमार, मनोज कुमार सिंह, दिग्विजय सिंह, कोमल गुप्ता आदि मौजूद रहे।