भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक अलका राय के नेतृत्व में गुरुवार को उपजिलाधिकारी को पत्रक देकर सेमरा रामपुर पीपा पुल को शीघ्र चालू करने की मांग की। इस दौरान पूर्व विधायक ने चेतावनी दी कि यदि पीपा पुल 15 नवंबर तक चालू नहीं हुआ तो कार्यकर्ता आंदोलन को बाध्य होंगे।
उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के चलते लगभग एक पखवारा से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पीपा पुल के चालू न होने से सेमरा, बच्छलकापुरा, तिवारीपुर, हरिहरपुर, सुल्तानपुर के लोगों को परेशानी हो रही है।
इन गांवों के लोगों की खेती गंगा पार होती है। पुल के अभाव में उन्हें जान जोखिम में डालकर छोटी नावों पर सवार होकर कृषि कार्य के लिए गंगा पार करना पड़ रहा है। इसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। कहा कि पिछले दिनों सेमरा के कृषि मजदूरों को लेकर गंगा पार जा रही नाव के डूब जाने से लगभग दो दर्जन लोग पानी में डूबे। इस घटना में एक लड़की को बचाया नहीं जा सका था। इसके पूर्व भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
इसके साथ ही गंगा पार के लोग मुहम्मदाबाद बाजार में खरीदारी करने आते हैं। त्योहार का सीजन होने के कारण गंगा पार करके आने जाने वालों की संख्या में इजाफा हुआ है। चेतावनी दी कि एक सप्ताह के अंदर यदि पीपा पुल को चालू नहीं किया जाता है तो भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आंदोलन करने के लिये बाध्य होंगे।
उपजिलाधिकारी की अनुपस्थिति में तहसीलदार उमेशचन्द्र निगम ने पत्रक लेकर संबंधित विभाग को भेजकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। पत्रक देने वालों में वरिष्ठ भाजपा नेता विरेन्द्र राय, प्रमोद राय, शंभु सिंह यादव, सतीश चन्द्र राय, विनोद राय, राजेश राय बागी, सुनील राय आदि शामिल थे।