नैसारा पेट्रोल पंप के पास सोमवार को सुबह निजी बस से महाकुंभ स्नान करने प्रयागराज जा रहा वृद्ध सड़क पार करते समय वाहन के धक्के से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने उन्हें न्यू पीएचसी पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। बिहार के समस्तीपुर से 40 यात्रियों को निजी बस तीर्थ यात्रियों को कुंभ स्नान कराने प्रयागराज लेकर जा रही थीं। बिहार प्रांत के समस्तीपुर हसनपुर निवासी और ग्रामीण चौकीदार श्याम बहादुर मंडल (55) परिजनों एवं ग्रामीणोें के साथ कुंभ स्नान करने के लिए निजी बस से प्रयागराज जा रहे थे। सोमवार की सुबह नैसारा पेट्रोल पंप के पास बस रुकने के बाद वह सड़क पारकर शौच के लिए सिवान की तरफ गए थे। लौटते समय सड़क पार कर रहे थे कि वाहन की चपेट में आ गए। वाहन चालक घटना के बाद भाग गया। ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल वृद्ध को नंदगंज पीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने घायल को मेडिकल काॅलेज अस्पताल रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने कहा कि परिजनों के तरफ से तहरीर नहीं मिली है।