बस कुछ दिनों का इंतजार। इसके बाद आपको सिटी रेलवे स्टेशन पर काशी का अक्स नजर आएगा। जिस प्रकार काशी के कैंट स्टेशन और विभिन्न मार्गों पर सनातन धर्म व अध्यात्म की तस्वीरें पेंटिंग के जरिये बनाई गई हैं, उसी तर्ज पर गाजीपुर सिटी स्टेशन पर चित्र उकेरे जाने लगे हैं। अध्यात्म, संस्कृति, धर्म, खेती आदि की जीवंत तस्वीरें हर यात्री को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।
तस्वीरों के जरिये सिटी रेलवे स्टेशन पर यात्री जनपद समेत देश की संस्कृति, वीर फौजियों के शौर्य, प्रकृति के सौंदर्य, धर्म-आस्था व जिले की अर्थव्यवस्था का मूलाधार खेती-किसानी से रूबरू होंगे। दरअसल सिटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर स्टेशन भवन पर पेंटरों की ओर से विभिन्न आकर्षक चित्रों को दीवारों पर उकेरा जा रहा है।
इनमें बैलगाड़ी, किसान, पेड़, भगवान नंदी की पूजा करते हुए श्रद्धालु, गाय ले जाता किसान, तालाब में नहातीं गायें, दूध दुहता हुआ पशुपालक, साधु-संत, घंटी, पक्षी, टैंक, मशीनगन लिए हुए फौजी की पेंटिंग बनाई गई है। इन तस्वीरों से सिटी रेलवे स्टेशन की सुंदरता में चार चांद लग गया है। 14 चित्रों को दीवारों पर ब्रश-पेंट व कला के समन्वय के जरिए उकेरा जा चुका है। अभी कुछ और चित्रों को उकेरने का कार्य किया जा रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत सिटी रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण को लेकर विविध कार्य चल रहे हैं।