फंसी पिकअप को निकालने का काम शुरू
- फोटो : अमर उजाला
गाजीपुर जिले के गहमर कोतवाली क्षेत्र के बारा फिरोजपुर पीपा पुल पर बृहस्पतिवार की सुबह फिरोजपुर की तरफ से आ रही मवेशियों से लदी पिकअप पुलिया का लकड़ी टूट जाने के कारण उसमें फंसकर लुढ़क गई। गनीमत रही कि रेलिंग में फंसने के कारण पिकअप गंगा में नहीं गिरी। घटना के बाद पीपा पुल से आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया। पीपा पुल से लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है। उधर घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस पिकअप को निकलवाने के साथ ही पुल को दुरुस्त करने की कवायद में जुट गई है।
क्या है मामला
सीओ मुहम्मदाबाद सुधाकर पांडेय ने बताया कि फिरोजपुर पीपा पुल से एक मवेशियों से लदी पिकअप फिरोजपुर की तरफ से आ रही थी। वह अभी पीपा पुल पर थी ही की तभी अचानक पीपा पुल की लकड़ी टूट गई, जिससे पिकअप रेलिंग से टकराते हुए गंगा नदी में लुढ़क गई। शोर सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तब तक चालक मौके से भाग गया।
बताया कि पिकअप में पशु तस्करों द्वारा मवेशियों को लादकर बिहार ले जाया जा रहा था। सीओ ने बताया कि गोवंश लदा पिकअप पीपा पुल पर भागने के चक्कर में फंसा हुआ है, मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उधर, गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि मामला भांवरकोल से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें हम कुछ नहीं कर सकते। वहीं इस संबंध में पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन संतोष कुमार वैष्णवी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जल्द ही मरम्मत करते हुए आवागमन शुरू कराया जाएगा।