गाजीपुर। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में रविवार की रात हुए सड़क हादसे के साइकिल सवार वृद्ध सहित तीन की मौत हो गई। जमानिया कोतवाली के देवा बैरनपुर गांव स्थित दैत्रावीर बाबा मंदिर के सामने पिकअप के धक्के से बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। वहीं शादियाबाद- बहरियाबाद मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जमानिया संवाददाता के अनुसार देवा बैरनपुर गांव स्थित दैत्रावीर बाबा मंदिर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात सड़क हादसे की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर शिनाख्त का प्रयास शुरू कर दिया। दोनों के पास मिले आधार कार्ड से उनकी शिनाख्त पाह सैय्यदराजा देवरिया निवासी गुंजन गोड़ (30) एवं मनीष पटेल (26) के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वह रोते- बिलखते कोतवाली पहुंचे। मृतक गुंजन गोड़ के पिता अशोक कुमार ने बताया कि उसके दो पुत्र है, जिसमें से मृतक बड़ा था। बताया कि उसका पुत्र बगल के ही अपने दोस्त मनीष पटेल के साथ बाइक से आवश्यक कार्य के लिए ढढनी बाजार गए थे। लौटते समय दैत्राबीर बाबा के पास एक पिकअप ने टक्कर मार दी जिसमें दोनों घायल हो गए थे। जिन्हें अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। इस संबंध में देवरियां चौकी इंचार्ज प्रदीप सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक मनीष के पिता बदुरी के तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वहीं दूसरी घटना में शादियाबाद की है। कस्बा दयालपुर निवासी राम जनम राम (60) रात करीब नौ बजे साइकिल से शादियाबाद बाजार से घर आ रहे थे। शादियाबाद- बहरियाबाद मार्ग स्थित कस्बा दयालपुर प्राथमिक विद्यालय के पास अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घायल अवस्था में सड़क के किनारे गिरे वृद्ध को देख ग्रामीणों की भीड़ लग गई। तब-तक परिवार के लोग भी पहुंच गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शादियाबाद थानाध्यक्ष धनानंद त्रिपाठी ने बताया की शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।