करमपुर स्थित मेघबरन स्टेडियम में रविवार को 21 वीं मेघबरन सिंह अखिल भारतीय इनामी पुरुष हाकी प्रतियोगिता आयोजित की गई। उद्घाटन मैच में मेेघबरन पीजी कालेज की टीम ने देवरिया को 6-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की।
उद्घाटन मैच में मेघबरन पीजी कालेज करमपुर एवं कुशीनगर एकादश देवरिया के मध्य हुआ। इसमें मेघबरन के गगन राजभर ने दूसरे, 16 वें, 22 वें और 24 वें मिनट में गोल किया जबकि सुजीत राजभर ने 17 वें तथा सुमित राजभर ने 11 वें मिनट में गोल किया।
प्रतियोगिता का दूसरा मैच आजमगढ़ के चौरी बेलहा पीजी कालेज एवं डीएचए देवरिया के मध्य हुआ। आजमगढ़ ने देवरिया पर 5-1 से जीत दर्ज की।
आजमगढ़ की ओर से प्रिंस ने 8 वें, 10 वें, 32 वें मिनट तथा सभाजीत ने 6 वें और सूरज ने 22 वें मिनट में गोल किया। इसके जबाब में देवरिया के फैसल ने 37 वें मिनट में एक मात्र गोल किया।
इससे पहले मुख्य अतिथि पंचायतीराज मंत्री कैलाश यादव ने कहा कि खेल स्वस्थ समाज का आधार होता है। ग्रामीण अंचल में हाकी के लिए मेघबरन अकादमी का प्रयास सराहनीय है।
वरिष्ठ अधिवक्ता रणजीत सिंह ने कहा कि विचारों को कार्य रूप में परिणत करके बेहतर परिणाम लाए जा सकते हैं। प्रतियोगिता में रेफरी की भूमिका में मुहम्मद जावेद, जावेद खान, अमिताभ गौतम, पी राजौरिया और टेक्निकल बेंच की भूमिका इंद्रजीत और प्रदीप सिंह ने निभाई।
इस मौके पर पूर्व एमएलसी बच्चा यादव, विधायक सुब्बाराम, पूर्व जिलाध्यक्ष सुदर्शन यादव, सच्चे लाल यादव, हरीनाथ यादव, जिला पंचायत सदस्य रामबचन यादव, पूर्व एमएलसी काशीनाथ यादव, शिवशंकर सिंह, राजनाथ यादव, इंद्रजीत यादव, रमाशंकर सिंह, ओमप्रकाश राम, गुलाम, अमरदेव यादव, मुन्नन यादव आदि मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में अक्षर फाउंडेशन की अध्यक्षा एवं स्थानीय विधायक सुभाष पासी की पत्नी रानी पासी ने आयोजन समिति को सहयोग स्वरूप 51000 रूपये की राशि प्रदान की।
प्रदेश के काबीना मंत्री कैलाश यादव एवं विधायक सुभाष पासी ने स्टेडियम में लगे एस्ट्रोटर्फ मैदान के उद्घाटन के लिए सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आने की संभावना संयुक्त रूप से व्यक्त की है।