शहर के रोडवेज बस डिपो परिसर में रोडवेज कर्मी से बसों की जानकारी लेते पीईटी के परीक्षार्थी। संव
गाज़ीपुर। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) जिले में 6 और 7 सितंबर को होगी। इस परीक्षा के लिए जिले में 19 केंद्र बनाए गए हैं। दो पालियों में होने वाली परीक्षा में 33120 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। दो पालियों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे एवं दूसरी पाली में दिन में 3 से शाम 5 बजे तक परीक्षा होगी। इसके लिए 5 जोनल, 19 सेक्टर और 19 स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। इसके अलावा 19 केंद्र व्यवस्थापक एवं 19 केंद्र प्रभारी एजेंसी(बी) की भी तैनाती की गई है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में निर्धारित समय से काफी पहले पहुंचना होगा। नोडल व अपर जिलाधिकारी (वित्त-राजस्व) दिनेश कुमार ने बताया कि पीईटी में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, स्मार्ट वॉच आदि चीजों को परीक्षा केंद्र में लाने पर सख्त मनाही है।
यात्रियों की उपलब्धता पर चलेंगी बसें-गाजीपुर। शनिवार से दो दिन तक होने वाली पीईटी में विभिन्न जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए परिवहन निगम ने तैयारी कर ली है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक बीके पांडेय ने बताया कि यात्रियों की उपलब्धता के आधार पर बसें भेजी जाएंगी। यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो इसका हर संभव प्रयास किया जाएगा। डिपो के बेड़े में वर्तमान में 87 बसें हैं। संवाद