सुहवल क्षेत्र के साधोपुर गांव स्थित पंडित द्विजदेव विघा मंदिर के वार्षिकोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करते बच्चे।
रेवतीपुर क्षेत्र के रामपुर उर्फ साधोपुर गांव स्थित पंडित द्विजदेव विद्या मंदिर का 8वां वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम राजस्थानी नृत्य, पंजाबी, डांडिया, एकल नृत्य, देशभक्ति, कव्वाली का शानदार कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं की ओर से प्रस्तुत श्रवण कुमार एंकाकी को लोगों ने सराहा।
इसके पहले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी कृष्ण मुरारी राय एवं विशिष्ट अतिथि रेवतीपुर के ब्लाक प्रमुख मुकेश राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय प्रबंधन कमेटी की तरफ से मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को शाल एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। प्रेम सागर उपाध्याय, ग्राम प्रधान लोहा राय, शशिकांत उपाध्याय, युधिष्ठिर राय, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, श्रीकृष्ण राय आदि मौजूद थे। संचालन विनीत उपाध्याय ने किया।