मुहम्मदाबाद के शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय से निकलती छात्र नशा मुक्ति जागरूकता रैली। स्रोत-
- फोटो : संवाद
मुहम्मदाबाद। शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के अंतर्गत नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राचार्य प्रो. एसकेएस पांडेय ने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने तथा समाज के अन्य लोगों को भी नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि नशे से मुक्ति स्वस्थ युवा बनने की पहली शर्त है। उन्होंने नशे के विभिन्न रूपों और उसके सामाजिक, शारीरिक एवं मानसिक दुष्परिणामों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवाओं को अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कहा कि भारत विश्व की सबसे बड़ी युवा आबादी वाले देशों में से एक है। ऐसे में अगर युवा नशा मुक्त रहकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा को राष्ट्र निर्माण में लगाएंगे, तो विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में इसके दूरगामी एवं सकारात्मक परिणाम सुनिश्चित होंगे। राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आदित्य कुमार ने नशे के भयावह दुष्परिणामों से अवगत कराया। संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधवम सिंह ने किया।