बाराचवर विकासखंड के दुबिहा सहित कई गांव के लोग इन दिनों यातायात साधनों की कमी से जूझ रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों ने बंद ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरु कराने और रोडवेज की बस सेवा को चालू कराने की मांग जिला प्रशासन से की है। करीमुद्दीनपुर होकर वाराणसी के बीच दो जोड़ी ट्रेनें बंद होने से वाराणसी की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए अब कोई साधन नहीं है। विभिन्न कार्यों के सिलसिले में जिला मुख्यालय या वाराणसी जाने के लिए कोई बस या ट्रेन न होने से परेशानी का सामना करना पड़ता है। रेल प्रशासन ने कोरोना महामारी के चलते महीनों पहले इस रूट की दो जोड़ी ट्रेनों का संचालन ठप कर दिया। इससे वाराणसी, प्रयागराज की ओर जाने वाले यात्रियों के सामने समस्या उत्पन्न हो गई। जहूराबाद के तत्कालीन विधायक कालीचरण राजभर ने दुबिहा बाजार से बाराचवर, कासिमाबाद होते हुए जिला मुख्यालय के रास्ते लखनऊ के लिये एक जोड़ी रोडवेज बस का संचालन शुरु कराया था लेकिन यह बस कुछ ही दिन तक चलने के बाद बंद हो गई। छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के लिए प्रयागराज और वाराणसी जाने के लिए साधन के अभाव में जिला मुख्यालय जाकर ट्रेन या बस पकड़नी पड़ती है।