औड़िहार स्थित आवास पर आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत करते सपानेता नितेश
मौधा। देश की जनता का भाजपा से विश्वास उठ गया है। प्रधानमंत्री पहले जो भी बात कहते थे, जनता उसे सही मान लेती थी, लेकिन प्रधानमंत्री पर इस समय वोट चोरी का आरोप लगा है। यह गंभीर आरोप है। अब जनता सब समझ गई है। यह बातें समाजवादी पार्टी के आजमगढ़ के सांसद धर्मेंद्र यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बृहस्पतिवार को कहीं। सांसद बुधवार रात में निजी कार्यक्रम में शामिल होने युवा सपा नेता नितेश सिंह के औड़िहार स्थित आवास पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने बिहार में एसआईआर मानसून सत्र में शुरू किया। 65 लाख से अधिक का नाम मतदाता सूची से काट दिया गया। चुनाव आयोग की अगर इस बात को सही मान लिया जाए तो यह पता चलता है कि बिहार में लोकसभा की 40 सीटें हैं। इस लिहाज से प्रति सीट पर 1.65 लाख से अधिक मतदाता फर्जी थे। ऐसे में चुनाव आयोग को अपनी बात साबित करने के लिए उन 40 सांसदों का इस्तीफा लेना चाहिए। आगामी विधानसभा चुनाव के समय इन खाली लोकसभा सीटों पर भी चुनाव कराना चाहिए। सांसद ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग से जब मतदान के दौरान महिलाओं द्वारा किए गए मताधिकार की वीडियोग्राफी मांगी गई तो यह कहकर मना कर दिया गया कि इससे महिलाओं की गोपनीयता को खतरा है।