मलेठी गांव में कोटे की दुकान के सामने धरना पर बैठे कार्ड धारक।
क्षेत्र के मलेठी चट्टी स्थित कोटे की दूकान के सामने ग्रामीणों ने कोटेदार पर आरोप लगाते हुए शुक्रवार को धरना प्रदर्शन करने के साथ नारेबाजी की। इस मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि कोटेदार ने मिट्टी तेल के साथ मिलने वाले नमक का वितरण तो किया लेकिन नमक की उपयोग करने की निर्धारित समय सीमा समाप्त हो चुकी थी। साथ ही कोटेदार की ओर से कार्ड धारकों को समय से राशन उपलब्ध नहीं कराया जाता है।
धरना पर बैठे ग्रामीण चंद्रिका सिंह ने कहा कि कोटेदार की मनमानी के चलते कोटे की अनाज पर निर्भर कार्ड धारकों को अनाज नहीं मिल पाता है। कोटेदार की ओर से कार्डधारकों को वितरित किए जाने वाले राशन की खुलेआम कालाबाजारी की जाती है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि कोटेदार की ओर मिट्टी तेल के बाद उपयोग की निर्धारित समय सीमा समाप्त हो चुके नमक का वितरण किया गया। धरना प्रदर्शन की जानकारी मिलते ही क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक गोविंद सिंह मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने कोटेदार पर आरोप लगाते पूरे मामले की जांचकर कार्रवाई की मांग की।
क्षेत्र के पूर्ति निरीक्षक ने ग्रामीणों को जल्द ही जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। तब जाकर कहीं ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ और धरना प्रदर्शन समाप्त हो गया। इस मौके पर अमित पांडेय, ओपी गुप्ता, नसीम साह, संतोष शर्मा, वीरेंद्र राजभर, किशन सिंह, सुल्तान अंसारी, रोशन विश्वकर्मा, संजय विश्वकर्मा, अरुण पांडेय, सुनीता, आशा, शारदा, उषा, रेखा आदि मौजूद रहीं।