बीते तीन दिनों से भूकंप के झटके आने से हर कोई सहमा रहा। अगले कई
दिनों तक ऐसे झटके आने की खबरों से लोग सहमे हुए हैं। ऐसे में रविवार की
रात लोगों ने घरों को छोड़कर खुले आसमान के नीचे रात काटी।
रात करीब तीन
बजे तक लोग अपनों के साथ खुले आसमान के नीचे ही रहे। इस बीच अफवाहों का भी
बाजार गरम रहा। कहीं रात में जलजला आने तो कहीं पानी जहरीला होने की
अफवाहों ने रात भर लोगों को बेचैन किया।
बीते शनिवार के बाद रविवार की
दोपहर करीब 12:44 बजे जिले भर में भूकंप का झटका महसूस किया गया था। इसको
लेकर हर कोई सहमा हुआ था। विभिन्न प्रसारण माध्यमों से लोगों को जानकारी
हुई कि रात में 11 से 3 बजे तक फिर भूकंप के झटके आ सकते हैं। इसको लेकर
लोग पूरी तरह से सहमे थे।
ऐसे में हर किसी को अपनी जान बचाने की चिंता
सताने लगी। लिहाजा अपनी जान बचाने के लिए लोग घरों के बाहर सड़क, पार्क या
फिर खुले आसमान के नीचे आ गए। इन जगहों पर लोग परिवारीजनों के साथ रात करीब
तीन बजे तक जमे रहे। इस बीच कई बार भूकंप आने की अफवाह भी उड़ती रही।
शहर
के आमघाट गांधी पार्क, टाउन हाल, लंका मैदान सहित अन्य खुले जगहों पर लोगों
की भीड़ जमा रही। लेकिन भूकंप नहीं आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।