क्षेत्र में बुधवार को हुई तेज बारिश ने सड़कों की बदहाली उजागर कर दी। प्रमुख और ग्रामीण सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भरने से राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी से भरे गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
सुहवल, सोनउल, रमवल और ढढ़नी गांव के अंकित, हरिपाल, अनीश, ऋषिकेश, सुजीत और झब्बू ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों पर सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान की अनदेखी का आरोप लगाया।
उन्होंने बताया कि सुहवल से ढढ़नी जाने वाला प्रमुख मार्ग वर्षों से बदहाल है। इसके अलावा सुहवल-युवराजपुर और कोल्हूआ वीर बाबा से बवाड़े व रमवल जाने वाली ग्रामीण सड़कों की हालत भी बारिश के बाद और खराब हो गई है।
कई स्थानों पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर घंटों पानी जमा रहता है। इससे पैदल राहगीरों के साथ बाइक और साइकिल सवारों को भी परेशानी होती है।
पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से वाहन असंतुलित होकर गिर जाते हैं, जिससे कई लोग चोटिल हो चुके हैं।
लोगों को स्कूली वाहनों, एंबुलेंस और दोपहिया वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने की भी आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिला। धरातल पर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
बारिश के बाद रमवल गांव को जाने वाली सड़क बने बने गड्ढों में जमा बारिश का पानी। संवाद