कासिमाबाद/बहादुरगंज। होली का पर्व शांतिप्रिय ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कोतवाली परिसर में एसडीएम आशुतोष कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। इस मौके पर एसडीएम ने कहा कि होलिका दहन 24 मार्च को एवं होली का पर्व 25 मार्च को मनाया जाएगा। इस अवसर पर लोग क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखें। होलिका दहन में कोई अप्रिय घटना न हो, इसको लेकर प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। उन्होंने ग्राम प्रधानों के साथ ग्रामीणों से अपील किया कि अराजकता फैलाने वालों से सतर्क रहें और उनके ऊपर नजर रखें। कहा कि अगर कोई अराजकतत्व त्योहार की शांति को भंग करना चाहता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों से अपील किया कि ऐसे लोगों को चिह्नित करवाने में प्रशासन का मदद करें, जो शांति को तोड़ने में संलिप्त मिले। उधर, बहादुरगंज में होली के पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को पुलिस चौकी परिसर में बैठक हुई। बैठक में बिजली, पानी और साफ-सफाई का मुद्दा उठाया गया। उपजिलाधिकारी कासिमाबाद आशुतोष कुमार ने निर्देश दिया कि कोई भी नई परंपरा शुरू न होने पाए। वहीं जमानिया में होली रमजान एवं लोकसभा चुनाव को लेकर स्थानीय कोतवाली में शुक्रवार को ग्राम प्रधानों‚ भट्टा संचालकों और क्षेत्र के गणमान्य के साथ बैठक हुई। इसमें त्योहार एवं चुनाव को शांति ढंग से संपन्न कराने को लेकर चर्चा की गई। पुलिस उपाधीक्षक अनूप कुमार ने कहा कि त्योहारों पर हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। संवाद