सिटी रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को दोपहर 12 बजे बिहार के यात्रियों ने हंगामा किया। लगभग 20 मिनट तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
बाद में रेलवे कर्मियों व आरपीएफ जवानों के समझाने पर वह शांत हुए। साथ ही दूसरी आई कुंभ स्पेशल ट्रेन से आगे के लिए रवाना हुए।
सिटी रेलवे स्टेशन पर उस समय हड़कंप की स्थिति मच गई, जब 35 से 40 यात्रियों के जत्थे ने एक रेलकर्मी को घेर लिया। इसमें बिहार के मुजफरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर आदि जगहों के यात्री शामिल थे।
वह शोर मचाते हुए हंगामा करने लगे। जत्थे में शामिल बिहार के मुजफरपुर के श्याम कुमार ने बताया कि वह प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ से स्नान करके ट्रेन से वाराणसी आए थे।
वाराणसी में वह कुंभ स्पेशल ट्रेन में सवार हुए। वहां रेलकर्मियों ने बताया कि ट्रेन छपरा तक जाएगी। लेकिन, गाजीपुर में ही ट्रेन रुक गई। वहीं जिस रेलकर्मी से यात्री बहस कर रहे थे, उन्होंने आश्वासन दिया कि अभी एक ट्रेन आ रही है, वह छपरा तक जाएगी।
हंगामे व बहस की स्थिति का कुछ यात्री वीडियो बनाने में जुट गए। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर आरपीएफ के जवान भी पहुंच गए।