गाजीपुर। महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल की पढ़ाई शुरू हो गई। तीन विधाओं लैब टेक्नीशियन, ओटी टेक्नीशियन और एक्स-रे टेक्नीशियन में छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। तीनों विधाओं में 20-20 सीट निर्धारित किए गए हैं। ऐसे में अब उपचार के साथ-साथ बेहतर जांच की सुविधा भी लोगों को मिलेगी।
शहर के आरटीआई मैदान में स्थापित मेडिकल कॉलेज में एक तरफ जहां चिकित्सकों की पौध तैयार हो रही है। वहीं इन्हें पढ़ाने वाले आचार्य, सह आचार्य और सहायक आचार्य संबंद्ध गोराबाजार स्थित 200 बेड के पुरुष अस्पताल, 300 बेड के नवनिर्मित अस्पताल और मिश्रबाजार स्थित 100 बेड के महिला अस्पताल में उपचार को आने वाले मरीजों का बेहतर उपचार भी कर रहे हैं। यहां नहीं लंबे समय से चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे जनपद को चिकित्सकीय सुविधाओं बेहतर आयाम मिला है। इसके अलावा अब 60 सीटों पर पैरामेडिकल की पढ़ाई शुरू होने से कम ही समय में ही बेहतर सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी। यहीं नहीं छात्रों को इसकी शिक्षा ग्रहण करने के लिए गैर प्रांतों का सहारा लेना पड़ता था। अब नीट के माध्यम से प्रवेश परीक्षा देकर छात्र इन कोर्सों की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। इस संबंध में मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. आनंद मिश्रा ने बताया कि पैरामेडिकल की पढ़ाई शुरू हो चुकी है।