नंदगंज। जनपद में अपराध का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन किसी न किसी क्षेत्र में आपराधिक वारदातें होती रही हैं। अपराध की इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए बदमाशों ने रविवार की रात थाना क्षेत्र के तड़ियांव गांव में स्थित पुलिया के पास तमंचे से आतंकित कर एक कारोबारी की बाइक लूट ली और फरार हो गए। पीड़ित ने थाने में इस मामले की तहरीर दी। पुलिस छानबीन में जुट गई है।
इलाके के तड़ियांव निवासी श्यामसुंदर राजभर की मौंधिया बाजार में इलेक्ट्रानिक की दुकान है। रोज की तरह रविवार की देर शाम भी वह दुकान बंद कर बाइक से घर के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान रात करीब आठ बजे तड़ियाव गांव में स्थित पुलिया के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उसकी बाइक को रुकवाया। बाइक रुकते ही एक बदमाश ने श्यामसुंदर पर तमंचा तान दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से नीचे उतरने को कहा। भयभीत कारोबारी जैसे ही बाइक से नीचे उतरा बदमाश उसकी बाइक लेकर मौधिया की तरफ भाग निकले। पीड़ित ने मोबाइल से तत्काल घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। रात में ही परिवार के लोग थाना पहुंचे। पीड़ित ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनीत राय ने बताया कि तहरीर के आधार के मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उधर लूट की घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। लोग इसके लिए पुलिस को कसूरवार ठहरा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पुलिस की सक्रियता और रात्रि गश्त न होने से अपराधियों को मनोबल काफी बढ़ा हुआ है।