गाजीपुर। एनकोर्ड की जिलास्तरीय समिति की मासिक समीक्षा बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में हुई। डीएम अविनाश कुमार ने निर्देश दिया कि अस्पतालों, विद्यालयों, रेलवे व बस स्टेशनों के आसपास पान-मसाला, गुटखा, दोहरा बेचने वाली दुकानों की जांच की जाए। इस दौरान एसपी डॉ. ईरज राजा भी मौजूद रहे।
डीएम ने कहा कि जनपद के मेडिकल स्टोरों पर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित दवा की बिक्री न की जाए। सार्वजनिक एवं सुनसान स्थानों पर जहां ड्रग्स की बिक्री की आशंका है, वहां पर संयुक्त टीम सतर्क दृष्टि रखते हुए नियमित जांच करे और छापे मारे। ड्रग्स की तस्करी व परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों पर संयुक्त टीम की ओर से चेकिंग की जाए। ड्रग्स पीड़ित व्यक्तियों के उपचार व नशे की लत छुड़ाने के संबंध में अस्पतालों में व्यवस्था की जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षण को निर्देश दिया कि जनपद के विद्यालयों में जागरूकता अभियान चलाते हुए बच्चों को जागरूक किया जाए। उन्होंने जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश दिया कि जिले में कच्ची शराब बनाने व तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाए। इस मौके पर एडीएम दिनेश कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अतुल सोनकर, जिला विद्यालय निरीक्षक भाष्कर मिश्रा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अखिलेश जायसवाल आदि मौजूद रहे।