सुहवल गांव स्थित इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर आजाद स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में 52वीं अंतर्राज्यीय स्व. गणेश राय एवं प्रभुनारायण राय मेमोरियल फुटबाल चैंपियनशिप आयोजित है। रविवार की शाम खेले गए मैच में पखनपुरा ने रोहतास को 1-0 से पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया।
मध्यांतर से पहले मैच के 28वें मिनट में पखनपुरा के रोहित ने गोलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। रोहतास की टीम ने वापसी के लिए प्रयास किया लेकिन पखनपुरा के खिलाड़ियों ने उनकी कोशिश को नाकाम करते हुए मध्यांतर तक बढ़त को कायम रखा। इसके बाद दोनों टीमों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। रोहतास को कई अवसर मिले लेकिन उसके खिलाड़ी गोल में तब्दील करने में असफल रहे।
मैच समाप्त होने तक पखनपुरा ने बढ़त को कायम रखते हुए मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया। इस अवसर पर राजेश सिंह, प्रफुल्लचंद्र राय, रोहित सिंह, पूर्व प्रधान आदित्य नारायण राय, सोनू, राजू राय, आशुतोष, प्रिंस आदि मौजूद थे। निर्णायक बृजेश मिश्रा तथा कमेंट्री सुरेंद्रनाथ राय ने की।