कृषि के क्षेत्र में पदम श्री से सम्मानित बरहट गांव निवासी डॉ. अशोक कुमार सिंह। स्रोत- भाजपा
गाजीपुर। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली के निदेशक रहे जिले के बरहट निवासी स्व. केदारनाथ सिंह के पुत्र डॉ. अशोक कुमार सिंह को कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। बासमती एवं पूसा धान सहित धान की अनेक उन्नत प्रजातियों के लिए ख्याति प्राप्त डाॅ. सिंह भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष भानूप्रताप सिंह के चचेरे भाई हैं। उनकी प्राथमिक शिक्षा बरहट से तथा माध्यमिक शिक्षा महावीर इंटर काॅलेज मलिकपुरा से हुई है। उन्होंने 1989 में उ.प्र. माध्यमिक शिक्षा परिषद की इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रदेश में चौथा स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया था। सेवानिवृत्त होने के बाद भी भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के मानद प्रोफेसर के रूप में सेवा प्रदान कर रहे डॉ. अशोक सिंह आज भी कृषि एवं धान के लिए काम कर रहे हैं।