नौगढ़। तहसील क्षेत्र के बोझ गांव में शनिवार की रात अचानक आग लग गई। इसमें किसान संतोष यादव की लगभग पंद्रह बीघा धान की पराली जलकर राख हो गई। आग लगते ही पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
खेत में एक धमकी भरा पत्र भी पड़ा मिला, जिसमें लिखा था “अभी तो मैंने शुरू किया है, अगला नंबर तेरा है। काला काम किया तो तेरा बेटा, तेरी बेटी और तू…” मेरी पहचान जेड है। पत्र पढ़ते ही गांव वालों के होश उड़ गए। किसान संतोष यादव का कहना है कि पराली जलने से उन्हें भारी नुकसान हुआ है। वहीं धमकी भरे पत्र ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना किसी साजिश का हिस्सा हो सकती है।
ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना नौगढ़ पुलिस को दी। थानाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने धमकी भरे पत्र को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।