गाजीपुर। जिला अस्पताल में स्थापित किए गए ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट का काम लगभग पूरा हो चुका है। कंपनी के इंजीनियर दो दिन बाद जांच करने की तैयारी में जुट गए हैं। दस मई को कंपनी के इंजीनियरों द्वारा प्लांट स्वास्थ्य विभाग को सुपुर्द कर दिया जाएगा। जिला अस्पताल में काफी पहले ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट स्थापित किया गया था, लेकिन किन्हीं कारणों से यह अधूरा छूट गया था। कोरोना महामारी में जब ऑक्सीजन की आवश्यकता पड़ी तो अधिकारियों को इस प्लांट की याद आई। जिलाधिकारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने ऑक्सीजन जेनरेटर प्लांट लगाने वाली कंपनी से संपर्क किया और इसे शीघ्र चालू करने को कहा। इससे प्रतिदिन 45 बड़े सिलिंडर ऑक्सीजन का उत्पादन होगा, जो 45 रोगियों के लिए पर्याप्त होगा। इसके शुरु होने से जिले में आक्सीजन की किल्लत दूर होगी। साथ ही जिला अस्पताल में सेंट्रल आक्सीजन सप्लाई शुरु हो जाएगी। इससे यहां भर्ती रोगियों को 24 घंटे पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती रहेगी।