गाजीपुर। महान चिंतक काल मार्क्स की जयंती भारद्वाज भवन स्थित भाकपा कार्यालय पर बुधवार को मनाई गई। इस दौरान वक्ताओे ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों पर सबका अधिकार है। जिला सचिव अमेरिका सिंह यादव ने कहा कि मानव समाज की समस्या का कारण समाज में ही मौजूद है। उस कारण को जानना एवं उसे समाप्त करने का काम समाज में ही करना होगा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों पर सबका बराबर का अधिकार है। पूरा मानव समाज एवं सभ्यता क्रमिक रूप से विकसित हुई है। जिजिविषा के कारण प्रकृति से संघर्ष करता हुआ मानव समाज यहां तक आया है। अमीरी-गरीबी का कारण मानव श्रम शक्ति का शोषण है। अगर उत्पादन के साधनों पर सबका स्वामित्व निश्चित कर दिया जाए तथा उत्पादन का समान वितरण हो तो समतामूलक समाज बन जाएगा। नगर मंत्री रुद्रदत्त तिवारी ने कहा कि मार्क्स की शिक्षा सत्य पर आधारित है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण के निर्माण पर जोर देती है। इसलिए जीवन के असल सवालों पर संघर्ष करने से पहले अंधविश्वास, पुनरुत्थानवाद, अवैज्ञानिक सोच एवं जातीय, भाषायी, सांप्रदायिक प्रवृत्ति के खिलाफ वैचारिक संघर्ष छेड़ना होगा। इसमें प्रगतिशील, जनतांत्रिक लोगों को शामिल करना होगा। इस मौके पर फरीद आलम, राजेंद्र राय, ईश्वरलाल, गोविंद पटेल, त्रिलोकी, विजय खरवार, पप्पू बिंद आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता रामजन्म यादव एवं संचालन विजय कुशवाहा ने किया।