करंडा थाना के महाबलपुर गांव में आग से जली झोपड़ी।
- फोटो : GHAZIPUR
करंडा। थाना क्षेत्र के महाबलपुर गांव में शुक्रवार की देर रात अज्ञात कारणों से एक रिहायशी झोपड़ी में आग लग गई। उसमें सिलेंडर होने और उसके फटने की आशंका से लोग आग बुझाने के लिए आगे नहीं बढ़े और इसी बीच तेज धमाका के साथ सिलेंडर फट गया और 11 झोपड़ियों से आग की लपटने उठने लगे। फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चार लाख नकदी सहित हजारों का गृहस्थी का सामान आग की भेंट चढ़ गया। आग में सबकुछ स्वाहा हो जाने के बाद पीड़ित खुले आसमान के नीचे आ गए है।
मालूम हो कि महाबलपुर गांव निवासी बाबूराम की रिहायशी झोपड़ी में शुक्रवार की रात करीब दस बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। वह झोपड़ी से बाहर निकलकर आग-आग की शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर पास-पड़ोस के लोग भी घरों और झोपड़ियों से बाहर निकल गए। लोग आग बुझाने की तैयारी करने लगे, लेकिन जैसे ही पता चला कि बाबूराम की झोपड़ी में गैस सिंलेडर रखा और आग से फट सकता है, लोग पीछे हट गए। इसी बीच तेज आवाज के साथ सिलेंडर फट गया और आग फैलते हुए अगल-बगल में स्थित एक से बाद एक अन्य दस झोपड़ियों को भी अपने चपेट में लिया और आग की तेज लपटे उठने लगे। लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। कुछ ही देर में फायर कर्मी मौके ेपर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक झोपडियों में रखा चार लाख नकदी सहित हजारों का गृहस्थी का सामान आग की भेंट चढ़ गया। आग की इस घटना में बाबूराम, प्रदुम्न, दीनदयाल, रामविलास, कवलधारी, धर्मेद्र, गिरधारी, डोमन, लल्लन, बीरबल की कुल 11 झोपड़ियां और उसमें रखा गृहस्थी का सामान जला है। पीड़ित बाबूराम ने बताया कि वह गुजरात में नौकरी करता है। बेटी की शादी तय कर रखा है, उसके शादी की तिथि निर्धारित करने के लिए घर आया था। अन्य सामानों के साथ ही शादी के लिए झोपड़ी में रखा साढ़े तीन लाख नकदी भी जलकर खाक हो गया। रामविलास ने बताया कि 50 हजार नकदी सहित अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गया। सबकुछ जल जाने के बाद पीड़ित खुले आसमान के नीचे आ गए। न तो सर छिपाने के लिए छत बचा और न तन ढकने के लिए कपड़ा। सूचना मिलने पर विधायक संगीता बलवंत और तहसीलदार मुकेश सिंह मौके पर पहुंचे। पीड़ितों को सरकारी सहायता से कम्बल और खाद्यान्न उपलब्ध कराया। विधायक न-े अन्य सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।