क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बरही में शुक्रवार को नाग पंचमी पर अखाड़ा में दाव आजमा रहे बालकों को प्रधानाध्यापक द्वारा मारने पीटने की जानकारी होते ही ग्रामीणों ने परिसर में धरना-प्रदर्शन शुुुुरू कर दिया। साथ ही ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इसकी जानकारी होते स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराई।
ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय परिसर में ही 40 वर्ष पुराना अखाड़ा है। नागपंचमी पर अखाड़ा पर दांव आजमा रहे बालकों को देख प्रधानाध्यापक की त्योरी चढ़ गई। प्रधानाध्यापक ने अखाड़े पर दांव अजमा रहे एक बालक की पीट दिया। सूचना के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने विद्यालय का घेराव करते हुए इसकी सूचना पुलिस एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को दी। साथ ही इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानाध्यापक का व्यवहार काफी अव्यवहारिक है। अपनी करतूत के कारण प्रधानाध्यापक कैलाश सिंह यादव बराबर सुर्खियों में रहते है। एक पखवारा पहले विद्यालय की रसोइया चंद्रावती देवी को मानक को ताक पर रखकर विद्यालय से निकालने पर ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ प्रदर्शन किया था। शिकायत के बाद भी विभागीय मिली भगत के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई।
विभाग में इनका दबदबा भी है ग्रामीणों ने कारवाई के साथ-साथ प्रधानाध्यापक को विद्यालय से हटाने की मांग की है। मौके पर अजित यादव, मोनू संतोष शर्मा, लाल जी यादव, जितेंद्र यादव, पवारु यादव, गोलू पासवान, विश्राम पासवान, कृष्णा गुप्ता, विशाल पासवान, अंशु यादव, दीपक यादव, सुभाष, आदि थे। थानाध्यक्ष अखिलेश त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है मामले की जांच की जा रही है।