गाजीपुर। राजस्थान के चितौड़गढ़ से अफीम की खेप नंदगंज स्थित मालगोदाम में चार से छह मई के बीच में पहुंचेगी। इसके बाद पूर्ण सुरक्षा के बीच में अफीम कंटेनरों को उतारकर ट्रक से शहर स्थित अफीम फैक्ट्री लाया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि राजस्थान के चितौड़गढ़ स्थित चंदेरिया रेलवे स्टेशन से अफीम के कंटेनर मालगाड़ी से तीन मई को रवाना होंगे। मालगाड़ी चार से छह मई को नंदगंज रेलवे स्टेशन पहुंचेंगी। इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। वहीं सुरक्षा घेरे में कंटेनर को अफीम फैक्ट्री तक पहुंचाया जाएगा। चित्तौड़गढ़ एक ऐसा एकमात्र केंद्र है, जहां से वर्षों से रेलगाड़ी से लंबी दूरी तय कर अफीम को गाजीपुर पहुंचाया जाता है। विभाग की गाजीपुर फैक्ट्री जाने के लिए स्पेशल मालगाड़ी बुक करवाई जाती है। इस बार बुक की गई मालगाड़ी में 22 बोगी हैं। ट्रेन को करीब 37 लाख रुपये में बुक किया गया। करीब साढ़े 24 करोड़ से ऊपर की अफीम गाजीपुर पहुंचाई जाएगी।