जमानिया। कोतलाली क्षेत्र के कसेरा पोखरा गांव के पास मंगलवार की दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गए। इस दुर्घटना में जहां एक युवक की मौत हो गई, वहीं दो गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी ले जाया गया।
बहादुरपुर निवासी कमला का पुत्र भोला (22) धर्मराज के पुत्र विशाल (25) के साथ गैस सिलेंडर लेने के लिए मंगलवार की सुबह कसेरा पोखरा गांव में स्थित एचपी गैस एजेंसी गोदाम पर बाइक से जा रहा था। इसी दौरान करीब नौ बजे दिलदारनगर की तरफ से आ रही बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में भोला, विशाल सहित दूसरा बाइक सवार गहमर के भतौरा गांव निवासी वैद्यनाथ सिंह का पुत्र विजेंदर सिंह (32) गंभीर रूप से घायल हो गया। गोदाम के आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को आनन-फानन में नगर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया और दुर्घटना की जानकारी घायलों के परिजनों को दी। परिवार के लोग भी वहां पहुंच गए, लेकिन स्वास्थ्य केंद्र पर कोई डॉक्टर मौजूद न होने से लोगों की चिंता बढ़ गई। परिजनों में रोष व्याप्त हो गया। स्वास्थ्य केंद्र पर घायलों का प्राथमिक उपचार फार्मासिस्ट जेएन शुक्ला ने किया। गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां पर चिकित्सकों ने भोला को मृत घोषित कर दिया। विशाल को ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया, जबकि विजेंद्र का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है। मौत की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजन रोने-बिलखने लगे। इस संबंध में कोतवाल राजीव कुमार सिंह ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। मृतक की परिजनों की तरफ से अभी तक तहरीर नही मिली है। मिली तो जांच-पड़ताल की जाएगी।