गाजीपुर। सहायक संभागीय परिवहन विभाग की ओर से ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जून माह में जहां एक हजार वाहनों का चालान किया गया, वहीं 31 वाहन सीज किए गए हैं। इसमें ओवरलोड एवं बिना टैक्स जमा किए यात्री वाहन शामिल हैं। जनपद के विभिन्न मार्गों पर ओवरलोड वाहनों के आवागमन से जहां मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। वहीं सड़क हादसों में बढ़ोत्तरी होनी शुरू हो गई है। ऐसे में ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए विभाग की टीमें प्रमुख मार्गों पर जांच अभियान चला रही है। विभाग के मुताबिक, जून में विभिन्न मार्गों पर एक हजार वाहनों का जहां चालान किया गया। वहीं 31 वाहनों को सीज कर बंद करा दिया गया। साथ ही ऐसे वाहनों पर 12 लाख 75 हजार का जुर्माना भी ठोका गया। इस कार्रवाई से विभाग ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने का दावा तो कर रहा है, लेकिन अभी भी ऐसे वाहनों आवागमन जारी है। खासकर ताड़ीघाट-बारा मार्ग, गाजीपुर-जमानिया मार्ग, गाजीपुर-मुहम्मदाबाद मार्ग, करंडा- चोचकपुर- सैदपुर मार्ग जैसे विभिन्न मार्गों पर वाहनों का आवागन होता है। ऐसे में इन वाहनों पर अंकुश लगाने को लेकर विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। इस एआरटीओ राम सिंह ने बताया कि अभियान लगातार जारी है। ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई चलती रहेगी।