गाजीपुर। परिषदीय के साथ बेसिक एवं माध्यमिक के सहायता प्राप्त विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा-एक से आठ तक के छात्रों के लिए जिले को जल्द ही नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएगी। पुस्तकों के सत्यापन के बाद उसका वितरण विद्यालयों को किया जाएगा। प्राथमिक शिक्षा में गुणात्मक सुधार लाने के लिए सरकार की ओर से तमाम जतन किए जा रहे हैं। बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन और ठहराव सुनिश्चित कराने के लिए कई प्रोत्साहन योजनाएं चलाई जा रही है। बच्चों को नि:शुल्क ड्रेस, मध्याह्न भोजन, बैग, जूता के साथ ही पाठ्य पुस्तकों का वितरण किया जाता है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पाठ्य पुस्तकें दी जानी है। जिले के परिषदीय एवं बेसिक और माध्यमिक से सहायता प्राप्त कुल 2542 विद्यालयों के करीब सवा तीन लाख छात्र-छात्राओं को यह सौगात मिलेगी। इसमें परिषदीय के 2269 में 1468 प्राथमिक, 352 उच्च प्राथमिक एवं 449 कंपोजिट तथा 12 राजकीय, 14 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, 22 सहायता प्राप्त मदरसा, समाज कल्याण से संचालित 56, बेसिक से सहायता प्राप्त 73 तथा माध्यमिक से सहायता प्राप्त 96 सहित कुल 2542 विद्यालय हैं। इस संबंध में जिला समन्वयक सामुदायिक सहभागिता अमित कुमार राय ने बताया कि नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें जल्द ही जिले को उपलब्ध हो जाएगी। इसके बाद गठित जांच समिति की तरफ से इनका सत्यापन करने के बाद इसका वितरण विद्यालयों को कर दिया जाएगा।