गाजीपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से बेसिक शिक्षा विभाग के प्रदेश स्तर पर संचालित नवाचार कार्यक्रमों के संबंध में लोक भवन में आयोजित समारोह के अंतर्गत सोमवार को राइफल क्लब में एक महोत्सव का आयोजन किया गया।
इस मौके पर प्रत्येक विकास खंड से एक निपुण विद्यालय के प्रधानाध्यापक, सबसे अच्छा समर कैंप संचालित करने वाले पांच विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रेरणा पोर्टल के डिजिटलाइजेशन के लिए जिले को प्राप्त 778 में पांच टैबलेट का वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष से कराते हुए इसकी शुरुआत की गई। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह ने बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि विभाग की तरफ से प्रदत्त सुविधाओं एवं सामग्रियों का अनुप्रयोग करते हुए शिक्षक अगर समर्पण के साथ शिक्षण कार्य करें तो वह दिन दूर नहीं जब परिषदीय विद्यालयों के बच्चे जिले को गौरवान्वित करेंगे। आवश्यकता है कि बच्चों को उनकी व्यक्तिगत विभिन्नताओं के अनुसार विद्यालयों में शैक्षणिक अवसर प्रदान किया जाए।
लखनऊ में लोक भवन में आयोजित समारोह का सीधा प्रसारण जिला पंचायत अध्यक्ष एवं मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार वैश्य और उपस्थित लोगों ने एलईडी स्क्रीन के माध्यम से देखा। इस मौके पर सभी जिला समन्वयक, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, एआरपी आदि उपस्थित थे। अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत राव ने आभार व्यक्त किया।