गाजीपुर। एक दिसंबर से बिजली बिल राहत योजना संचालित होने जा रही है। इसके तहत प्रदेश में पहली बार बिजली बिल बकायेदारों को अधिभार (सरचार्ज) पूरा माफ होगा। बिल के मूलधन में अधिकतम 25 प्रतिशत छूट मिलेगी। इसके लिए एक दिसंबर से पंजीयन करना होगा।
इसको लेकर बिजली निगम की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विद्युत वितरण खंड जंगीपुर में एक लाख बकायेदार हैं, जो इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। बिजली निगम की ओर से बकायेदारों की कुंडली निकाली जा रही है। बिजली निगम को उम्मीद है कि बिजली बिल राहत योजना से उसकी झोली भर जाएगी। बिजली बिल राहत योजना से बिजली निगम व उपभोक्ताओं दोनों को फायदा है। एक ओर जहां बिजली निगम को राजस्व मिलेगा, तो दूसरी तरफ बकायेदारों को भी बकाया जमा करने में सहूलियत मिलेगी। बिजली बिल राहत योजना के तहत तीन चरणों में पंजीयन होगा। प्रथम चरण में एक से 31 दिसंबर, दूसरे चरण में 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी व तीसरे चरण में एक फरवरी से 28 फरवरी तक पंजीयन कराने की सुविधा दी जाएगी। एकमुश्त भुगतान पर बकाया बिल के मूलधन में 25 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। विद्युत वितरण खंड जंगीपुर में कुल 1.80 लाख उपभोक्ता हैं। बकायेदारों की संख्या करीब एक लाख है। इनके ऊपर 50 करोड़ रुपये बकाया है। कनेक्शन लेने के बाद कभी बिल जमा न करने वालों की संख्या 59 हजार है। इनके ऊपर 20 करोड़ बकाया है। पंजीयन बिजली निगम के वेबसाइट पर ऑनलाइन तरीके से किया जा सकता है। इसके साथ ही कार्यालय व जनसेवा केंद्र से भी पंजीयन कराया जा सकता है। विद्युत वितरण खंड जंगीपुर के अधिशासी अभियंता पीके तिवारी ने बताया कि बिजली बिल राहत योजना को क्रियान्वित करने के लिए तैयारी चल रही है। बकायेदारों को योजना से काफी सहूलियत मिलेगी।