दिलदारनगर थाना क्षेत्र के एक छात्रा के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस टीम ने मंगलवार मुकदमा दर्जकर एक आरोपी को पकड़ा, जबकि दूसरे की तलाश चल रही है। वहीं पीड़िता को पुलिस ने मेडिकल के लिए भेजा है।
एक गांव की कक्षा नौ की छात्रा 26 सितंबर को कालेज से घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव का एक युवक ने उसे जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर ले गया और एक मकान में अपने एक और साथी के साथ उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा देर शाम किसी तरह उनके चंगुल से छूटकर घर पहुंची और आपबीती परिजनों को बताई। 27 सितंबर की देर शाम पीड़िता के पिता ने थाने में नामजद तहरीर देने के साथ पुलिस को बताया कि कॉलेज का गेट बंद होने के चलते वह वापस घर लौट रही थी। तभी गांव का ही एक युवक रास्ते में मिल गया और बाइक रोककर पुत्री से छेड़खानी करने लगा।
मना करने पर गाली-गलौज करने के साथ उनकी बेटी को जबरदस्ती बाइक पर बैठा लिया और एक मकान में ले जाकर अपने साथी के साथ घटना को अंजाम दिया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। थानाध्यक्ष अशेष नाथ सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें से एक आरोपी किशोर है। छात्रा का मेडिकल कराया जा रहा है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है दूसरा आरोपी भी जल्द ही गिरफ्तार होगा।