जनपद में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बीते 27 जनवरी से तीन फरवरी तक चले मातृत्व सुरक्षा सप्ताह अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की जांच की गई थी। सप्ताह के दौरान चिह्नित महिलाओं के आंकड़े पोर्टल पर दर्ज किए गए थे। अभी तक डाटा का अपडेशन शत-प्रतिशत पूर्ण नहीं हो पाया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओे सभी सीएचसी और पीएचसी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को तीन दिन के अंदर डाटा अपडेट कराने का निर्देश दिया है।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के प्रमुख सचिव की ओर से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जल्द ही मातृत्व सुरक्षा सप्ताह के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा को ध्यान में रखकर अपडेशन कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।मुख्य चिकित्साधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को जनपद के सभी सामुदायिक तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारियों को पत्र भेजा है।
जिसमें मातृत्व सुरक्षा सप्ताह के दौरान उपचारित और चिह्नित गर्भवती महिलाओं का पोर्टल पर शत-प्रतिशत अपडेशन पूर्ण नहीं होने पर नाराजगी जताई। कहा कि उदासीनता के चलते शासन की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों का लाभ आम जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसी दशा में लापरवाही करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकार हर माता का विवरण आनलाइन करना चाहती है। एसीएमओ डॉ. आरके सिन्हा ने बताया कि डाटा अपडेशन कार्य को पूरा करने का निर्देश मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से जनपद के सभी सामुदायिक तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात प्रभारी चिकित्साधिकारियों और जिला महिला अस्पताल की सीएमएस को दिया गया है।