बहरियाबाद। प्रयागराज के मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 30 अक्तूबर से आयोजित 70वीं पांच दिवसीय प्रादेशिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के तीसरे दिन रविवार को जिले के एथलीटों ने संतोषजनक प्रदर्शन किया। वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए सुभाष विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के शुभम यादव ने अंडर-19 बालकों की 200 मीटर दौड़ की हीट में प्रथम स्थान प्राप्त कर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
क्रीड़ा सचिव आकाश सिंह ने बताया कि टाउन नेशनल इंटर कॉलेज के अनिल बिंद ने 800 मीटर दौड़ की हीट में प्रतिभाग कर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। सोमवार को होने वाले फाइनल में दोनों खिलाड़ियों के बाजी मारने की पूरी संभावना है। इससे पूर्व पहले तथा दूसरे दिन बापू इंटर कॉलेज के आदित्य यादव ने 3000 मीटर दौड़ में रजत पदक, डॉ. एमए अंसारी इंटर कॉलेज के कृष्णा प्रजापति ने हाई जंप में कांस्य पदक तथा नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज की आरती यादव ने बालिका वर्ग के अंडर-17 की 1500 मीटर दौड़ में रजत पदक हासिल किया था। जिले के माध्यमिक विद्यालयों के एथलीट मैनेजर-कोच मुरलीधर राय, रुद्रपाल यादव, हिमांशु सिंह, दिव्यांशु सिंह, अखिलेश यादव, राजेश यादव, रामअवध राम की देखरेख में प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे हैं। एथलीटों की सफलता पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, जीआईसी के प्रधानाचार्य दिनेश यादव, रामप्रकाश, उदयराज, विजयशंकर राय, कमरुद्दीन, शिवकुमार सिंह, अंजनी सिंह, रामपलट यादव, तरुण ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।