कंपोजिट विद्यालय सेवराई में समाचार पत्र पढ़तीं छात्राएं। संवाद
जिले के परिषदीय विद्यालयों में बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र का आगाज हुआ। सत्र के पहले ही किसी स्कूल में उत्सव जैसा माहौल रहा, तो कहीं व्यवस्थाएं बदहाल मिलीं। कुछ स्कूलों में बच्चे थे लेकिन शिक्षक नदारद रहे। बीएसए उपासना रानी वर्मा ने कहा कि जिले के सभी 2266 परिषदीय स्कूल खुले रहे। सत्र के पहले दिन स्कूलों में करीब 54 फीसदी बच्चों की उपस्थिति रही। 2.40 लाख में से 1.30 लाख से ज्यादा बच्चे स्कूल आए थे। बीएसए ने बताया कि जिले में 95 फीसदी शिक्षकों की उपस्थिति रही।
जहां शिक्षक अनुपस्थित मिले वहां के बीईओ से रिपोर्ट तलब की गई है। मिड डे मील में बच्चों को हलवा व खीर दी गई। परिषदीय विद्यालयों में नए शैक्षिक सत्र के पहले दिन पढ़ाई का तरीका कुछ बदला नजर आया। बच्चे किताब के साथ-साथ अखबार पढ़ते हुए मिले। उन्हें कोर्स के साथ समसामयिक घटनाओं से जोड़ने की पहल की गई। दुबिहां में कक्षा पांच के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई : दुबिहां, असावर, हरदासपुर, पाहुपुर और कमसडी के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा पांच उत्तीर्ण करने वाले छात्र-छात्राओं के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। बच्चों को पुड़ी, हलवा और खीर दी गई। भीमापार : पुष्प वर्षा कर किया स्वागत : शिक्षा क्षेत्र सादात के कंपोजिट विद्यालय जगदीशपुर के प्रधानाध्यापक मनोज सिंह व शिक्षकों ने बच्चों को रोरी-चंदन लगाकर और पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। साथ ही छात्रों को पाठ्य पुस्तकें वितरित की गईं। विद्यालय में पहले दिन कक्षा एक में तीन नए बच्चों का नामांकन भी हुआ।